Saturday, October 14, 2017

हीरो एशिया हॉकी कप: भारत ने बांग्लादेश को 7-0 से दी पटखनी

साभार: जागरण समाचार 
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को हीरो एशिया हॉकी कप टूर्नामेंट के दूसरे मैच में बांग्लादेश को 7-0 से हराया। भारत ने शुरुआत से ही इस मैच पर अपना दबदबा बनाया हुआ था। गुरजंत सिंह ने सातवें मिनट में
फील्ड गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद, 11वें मिनट में एसवी सुनील के पास को आकाशदीप ने बांग्लादेश के पाले में पहुंचाकर भारत को 2-0 की बढ़त दी। ललित उपाध्याय ने दो मिनट बाद ही 13वें मिनट में भारत के लिए तीसरा गोल किया। दूसरे क्वार्टर में 20वें मिनट में गुरजंत की मदद से अमित रोहिदास ने भारत के लिए चौथा गोल किया। इसके बाद हरमनप्रीत ने 28वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में तब्दील कर टीम को 5-0 की बढ़त दी। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों की ओर से एक भी गोल नहीं दागा गया। चौथे क्वार्टर की शुरुआत के बाद अगले ही मिनट में रमनदीप सिंह (46वें मिनट) ने पेनाल्टी कॉर्नर पर मिले गोल के अवसर में सफलता हासिल कर भारत के लिए छठा गोल किया। अगले ही मिनट में हरमनप्रीत ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम को 7-0 से आगे किया।
टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत के बाद भारत पूल-ए में पहले स्थान पर आ गया है। उसने पहले मुकाबले में जापान को 5-1 से हराया था। भारत का अगला मुकाबला रविवार को पाकिस्तान से होगा।