Monday, December 11, 2017

भारत का घर में 24 साल बाद सबसे कम स्काेर: श्रीलंका ने 176 गेंदें बाकी रहते 7 विकेट से जीता पहला वनडे

साभार: भास्कर समाचार
नौ महीने में पहली बार विराट कोहली के बिना उतरी भारतीय टीम को घर में सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंका ने भारत को पहले वनडे में महज 112 रन पर समेटने के बाद सात विकेट से मुकाबला जीत लिया।
श्रीलंका ने जब विनिंग शॉट लगाया, तब उसकी पारी की 176 गेंदें बाकी थीं। यह गेंद बाकी रहने के लिहाज से यह भारत की तीसरी सबसे बड़ी और घरेलू जमीन पर सबसे बड़ी हार है। वैसे, श्रीलंका ही हमें 2010 में दांबुला में 209 और 2012 में हंबनतोता में 181 गेंद बाकी रहते हरा चुका है। यह टीम इंडिया का घरेलू मैदान पर 24 साल बाद सबसे कम स्कोर है। इससे पहले, 1993 में अहमदाबाद में विंडीज के खिलाफ 100 रन बनाए थे। सीरीज का दूसरा वनडे बुधवार को मोहाली में खेला जाएगा। 
श्रीलंका ने रविवार को टॉस जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी करने को कहा। भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने दूसरे ओवर में ही पहला विकेट गंवाया। इसके बाद तो इतनी तेजी से विकेट गिरे कि दर्शक हैरान रह गए। भारत के पहले पांच बल्लेबाज 16 रन के भीतर आउट हो चुके थे। वनडे इतिहास में पहली बार भारत ने इतने कम रन में पांच विकेट गंवाए। इससे पहले 1983 के वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 17 रन पर पांच विकेट गंवाए थे। हालांकि, तब कपिल देव ने 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर टीम को हार से बचा लिया था। 
भारतीय टीम की खराब बैटिंग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने 39 ओवर के खेल में 13 मेडन खेले। यानी एक तिहाई ओवर मेडन रहे। भारतीय टीम ने इससे पहले 1975 में इंग्लैंड के खिलाफ और 1981 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 12-12 ओवर मेडन खेले थे। 
श्रीलंका की ओर से सुरंगा लकमल ने सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने 10 ओवर के स्पेल में चार मेडन फेंके और इतने ही विकेट लिए। उन्हें मैन ऑफ मैच चुना गया।