Tuesday, December 5, 2017

79 वर्ष की आयु में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शशि कपूर का निधन

साभार: जागरण समाचार 
अपने खास अंदाज से हिंदी सिने जगत पर दशकों तक राज करने वाले बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शशि कपूर का सोमवार शाम निधन हो गया। वह 79 वर्ष के
थे। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में शाम 5:20 पर अंतिम सांस ली। उन्हें कई वर्षो से किडनी की समस्या थी। शशि कपूर का अंतिम संस्कार मंगलवार सुबह किया जाएगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने उनके निधन पर दु:ख व्यक्त किया है।  
दिवंगत राज कपूर के पुत्र और उनके भतीजे रणधीर कपूर ने बताया कि वह कई वर्षो से डायलिसिस पर थे। अभिनेत्री सिमी ग्रेवाल ने उनके निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘कपूर्स की उस पीढ़ी का अंतिम व्यक्ति भी चला गया। एक सज्जन व्यक्ति और दोस्त चला गया। एक युग खत्म हो गया..’
हिंदी सिनेमा के पितामह कहे जाने वाले पृथ्वीराज कपूर के घर 18 मार्च, 1938 को जन्मे शशि कपूर पृथ्वीराज की चार संतानों में सबसे छोटे थे। वह बॉलीवुड में 70 और 80 के दशक में एक रोमांटिक अभिनेता के तौर पर अपनी पहचान बना चुके थे।
चार साल की उम्र से अभिनय: उन्होंने चार साल की उम्र में ही नाटकों में काम करना शुरू कर दिया था। ‘आग’ और ‘आवारा’ जैसी फिल्मों में बाल कलाकार के तौर पर वाह-वाही बटोरी। 1961 में वह फिल्म ‘धर्मपुत्र’ से बतौर अभिनेता बड़े पर्दे पर आए।
कई सम्मान मिले: 61 फिल्मों में शशि बतौर अभिनेता बड़े पर्दे पर आए और करीब 55 मल्टीस्टारर फिल्मों का हिस्सा बने। ‘दीवार’ फिल्म का उनका डायलॉग ‘मेरे पास मां है’ आज भी लोगों की जुबान पर रहता है। दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन के साथ उनकी जोड़ी को खूब सराहना मिली थी। 2011 में उन्हें पद्म भूषण और 2015 में प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।