Monday, December 4, 2017

कोरियाई प्रायद्वीप में परमाणु युद्ध का खतरा

साभार: जागरण समाचार 

अमेरिका और दक्षिण कोरिया के सोमवार से शुरू हो रहे वायुसैनिक अभ्यास पर भड़कते हुए उत्तर कोरिया ने इसे युद्ध भड़काने वाली कार्रवाई करार दिया है। कहा है कि दोनों देश नहीं माने तो यह परमाणु युद्ध की शुरुआत हो सकती है। अमेरिका और दक्षिण कोरिया का यह सबसे बड़ा वायुसैनिक अभ्यास होगा जिसमें 230 अत्याधुनिक लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे। इनमें अमेरिका का अत्याधुनिक एफ-22 रैप्टर स्टील्थ विमान भी शामिल होगा। उत्तर कोरिया की यह प्रतिक्रिया अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एचआर मैकमास्टर के उस बयान के बाद आई है जिसमें कहा गया था कि साधनहीन लेकिन परमाणु हथियार संपन्न उत्तर कोरिया से युद्ध का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, यह खतरा दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। हम इस समस्या के खात्मे की दिशा में बढ़ते जा रहे हैं। समस्या खत्म करने का एक तरीका युद्ध का भी है, जिसकी आशंका दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। चार दिसंबर से शुरू होकर आठ दिसंबर तक चलने वाला यह वायुसैनिक अभ्यास उत्तर कोरिया के लंबी दूरी के बैलेस्टिक मिसाइल परीक्षण से छह दिन बाद शुरू हो रहा है। इस बैलेस्टिक मिसाइल से अमेरिकी शहरों पर परमाणु हमला करने की उत्तर कोरिया ने धमकी दी है। उत्तर कोरिया की सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी के अखबार रोडोंग सिनमुन ने इस अभ्यास की निंदा की है।