Saturday, March 24, 2018

फेसबुक डाटा चोरी में कैंब्रिज एनालिटिका को नोटिस

साभार: जागरण समाचार 
फेसबुक डाटा लीक मामले में सरकार ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए ब्रिटेन की कैंब्रिज एनालिटिका को नोटिस जारी किया है। सरकार ने कंपनी से जानना चाहा है कि क्या उसने फेसबुक पर मौजूद भारतीयों की जानकारी का
इस्तेमाल भी किया है? नोटिस में सरकार ने छह सवाल पूछे हैं। कैंब्रिज एनालिटिका को जवाब देने के लिए 31 मार्च, 2018 तक का समय दिया गया है। ब्रिटिश कंपनी पर आरोप है कि उसने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में एक राजनीतिक दल के फायदे के लिए फेसबुक यूजरों के डाटा का इस्तेमाल किया। अमेरिका में हुए इस भंडाफोड़ के बाद केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग को सख्त चेतावनी दी थी। इसके बाद से ही सरकार सोशल साइटों पर डाटा की सुरक्षा को लेकर और सतर्क हो गई थी। गुरुवार को सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने मंत्रलय के अधिकारियों को सोशल साइटों की निगरानी बढ़ाने और डाटा सुरक्षा के पर्याप्त उपाय करने का निर्देश दिया था। इसी के मद्देनजर शुक्रवार को सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रलय ने कैंब्रिज एनालिटिका को नोटिस जारी किया है।